शराब के लिए राहगीरों से वसूली और मंडी में मारपीट करने वाले 4 शातिर बदमाश गिरफ्तार, 4 नाबालिग भी हिरासत में
राजनांदगांव- जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में राहगीरों को रोककर शराब के लिए पैसे मांगने, लूट का प्रयास करने और सब्जी मंडी में चाकू व डंडे से मारपीट कर आतंक मचाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल 4 विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालकों को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में लिया गया है.
पुलिस के अनुसार, इस आदतन अपराधी गिरोह ने पिछले दो दिनों में लगातार तीन बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था.
28 मई की शाम: नंदई नाका के पास प्रार्थी भुनेश्वर साहू और उनके साथी को रोककर मोबाइल व पैसे छीनने का प्रयास किया गया. विरोध करने पर शराब के पैसों की मांग करते हुए मारपीट की गई.
29 मई की सुबह (04:00 बजे): गंज मंडी परिसर में मयंक सायम से हिमांशु यादव और अंकुश राजपूत ने शराब के लिए पैसे मांगे और मना करने पर बेरहमी से मारपीट की.
29 मई की सुबह (04:30 बजे): सब्जी मंडी में रितेश भारती और उनके साथी पर अंकुश और हिमांशु ने चाकू व डंडे से जानलेवा हमला किया और उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त कर दी.
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर एवं सीएसपी वैशाली जैन के मार्गदर्शन में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया. आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू और डंडा भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है. पकड़े गए आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- हिंमाशु यादव (21 वर्ष), निवासी- क्लब चौक, राजनांदगांव
- अंकुश राजपूत (19 वर्ष), निवासी- क्लब चौक, राजनांदगांव
- उज्जवल रजक (20 वर्ष), निवासी- चौखड़ियापारा, राजनांदगांव
- आदित्य साहू उर्फ आदिल (19 वर्ष), निवासी- सृष्टि कॉलोनी, राजनांदगांव (इनके अलावा 4 नाबालिगों को भी संरक्षणात्मक अभिरक्षा में लिया गया है.
