थाने में नाबालिग से अभद्र व्यवहार, एसपी अंकिता शर्मा ने दिखाई सख्ती, टीआई और महिला प्रधान आरक्षक निलंबित
राजनंदगांव- पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा ने कड़ी कार्रवाई की है. सोमनी थाने में एक नाबालिग बालिका के साथ दुर्व्यवहार और कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी (निरीक्षक) अरुण कुमार नामदेव और महिला प्रधान आरक्षक राजश्री सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 मई 2026 की है, जब सोमनी थाने के ‘संवेदना कक्ष’ में एक नाबालिग बालिका को उसके परिवार के साथ रात में रखा गया था. जहां के टीआई अरुण नामदेव ने एक नाबालिग बालिका को गलत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उसे गर्भवती बता दिया. इस दौरान महिला प्रधान आरक्षक राजश्री सिंह द्वारा नाबालिग के साथ अभद्र और असंवेदनशील व्यवहार किया गया. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद तत्कालीन थाना प्रभारी अरुण कुमार नामदेव ने घोर लापरवाही और असंवेदनशीलता दिखाई, जिसके चलते दोनों के खिलाफ यह सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है.
निलंबन आदेश के तहत महिला प्रधान आरक्षक राजश्री सिंह और निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र (लाइन) राजनंदगांव संबद्ध कर दिया गया है. इसके साथ ही निर्देश जारी किए गए हैं कि दोनों अधिकारी निलंबन की इस अवधि के दौरान बिना सक्षम अनुमति के जिला मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे. नियमानुसार इन्हें निलंबन अवधि में जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी.

