विधायक के सामने बवाल: जनपद CEO और भाजपा कार्यकर्ता के बीच तीखी बहस, मूकदर्शक बने रहे विधायक
दुर्ग- जिले के थनौद गांव में शुक्रवार को आयोजित राज्य सरकार के सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया. समस्याओं के निराकरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और जनपद CEO के बीच तीखी बहस हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि जनपद CEO ने अपना आपा खो दिया और भाजपा कार्यकर्ता को उंगली दिखाते हुए दो टूक कह दिया, “तेरे को जो करना है कर ले.यह पूरा मामला गांव के सरकारी स्कूल की जमीन पर बने सामुदायिक भवन का है. भाजपा मंडल महामंत्री पुराण देशमुख ने पूर्व में इस निर्माण का विरोध किया था.
यह पूरा घटनाक्रम दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर की मौजूदगी में हुआ. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब जनपद मुख्य कार्यकारी अधिकारी रूपेश पांडेय और भाजपा मंडल महामंत्री पुराण देशमुख के बीच तीखी बहस हो रही थी और CEO भाजपा कार्यकर्ता को फटकार लगा रहे थे, तब विधायक चुपचाप खड़े होकर आवेदनों को देखते रहे. उन्होंने न तो बीच-बचाव किया और न ही दोनों को शांत कराने की कोशिश की. इस पूरे विवाद का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सुशासन तिहार में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और विधायक की चुप्पी को लेकर लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
