खेत से मोटर पंप चुराने वाले आरोपी गिरफ्तार, मोटर पंप और बाइक बरामद
राजनांदगांव- जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के अभियान के तहत सायबर सेल और चौकी मोहारा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने खेत से मोटर पंप चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कीमती मोटर पंप और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जप्त की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपए आंकी गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बोलेश्वर वर्मा निवासी ग्राम गाडाभंवर चौकी मोहारा थाना डोंगरगढ़ द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसके खेत में सिंचाई हेतु लगाए गए टेक्समो कंपनी के मशरूम मोटर पंप को अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है. रिपोर्ट पर चौकी मोहारा में अपराध क्रमांक 301/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना एवं तकनीकी जांच के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपीगण द्वारा चोरी करना स्वीकार किया गया. प्रकरण में आरोपीगण 1. विष्णु यादव पिता देवा यादव उम्र 19 वर्ष पता बापुटोला चौकी चिखली जिला राजनांदगांव 2.युगेश्वर पटेल पिता यशवंत पटेल उम्र 26 वर्ष पता ग्राम गाडाभंवर चौकी मोहारा जिला राजनांदगांव 3. आसू पटेल पिता संतोष पटेल उम्र 18 वर्ष 4 माह पता बापुटोला चौकी चिखली जिला राजनांदगांव को 28.05.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
