May 18, 2026

Blog


21 प्रभावित परिवारों को मिलेगा आरबीसी 6-4 के तहत राहत राशि

रायपुर- जशपुर जिले के ग्राम तपकरा में वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों के मुआवजा नहीं मिलने संबंधी शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 प्रभावित परिवारों के लिए सहायता राशि स्वीकृत कर दी है.

तहसीलदार तपकरा ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्यवाही पूरी की गई. जांच उपरांत 20 परिवारों को आंशिक मकान क्षति तथा एक परिवार को पूर्ण मकान क्षति के ंिलए आर.बी.सी. 6-4 के अंतर्गत मुआवजा स्वीकृत किया गया है. संबंधित परिवारों को शीघ्र ही सहायता राशि वितरित की जाएगी.

उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित हल्का पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तथा सभी आवेदनों का परीक्षण किया गया. कोटवार एवं आवेदकों के बयान दर्ज करने के पश्चात न्यायालयीन प्रक्रिया के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण किया गया.

तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार राहत राशि प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. साथ ही मुआवजा वितरण में हुई देरी के लिए संबंधित पटवारी के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई है.