18 लाख आवास देने का सरकार का दावा हवा हवाई
रायपुर- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में सुशासन तिहार के दौरान एक कमार परिवार को आवास की मांग के लिए जिला पंचायत सीईओ के चरणों में गिरना पड़ा, जो सरकार के दावों की वास्तविकता को उजागर करता है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना भाजपा सरकार के प्रधानमंत्री आवास पर किये गये दावों की जमीनी हकीकत है. कमार जनजाति विशेष संरक्षित जनजाति है, इन्हें राष्ट्रपति का दत्तक पुत्र कहा जाता है तथा सभी शासकीय योजनाओं के केंद्र बिंदु में इन्हें रखा जाता है. जब कमार जनजाति का परिवार अपने प्रधानमंत्री आवास के लिए अधिकारी के सामने दंडवत होने को मजबूर है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास की क्या हकीकत होगी? यह घटना सरकार के लिए शर्मनाक है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के प्रधानमंत्री आवास केवल सरकारी विज्ञापनों और होर्डिंग में ही दिखते रहे है, हकीकत में भाजपा सरकार के आने के बाद एक भी हितग्राही के लिए आवास स्वीकृत नहीं हुआ है. पूर्ववर्ती कांग्रेस की भूपेश सरकार ने आवासहीनों के खाते में पहली किश्त डाली थी, उसके बाद भाजपा सरकार ने एक भी रू. नहीं भेजा है. उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में वादे करती है और चुनाव के बाद उसे भूल जाती है. मोदी की गारंटी के नाम पर भाजपा प्रदेश की जनता से 23 वादे किये थे लेकिन उसको ढाई साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया. इससे ज्यादा दुर्भाग्यजनक और क्या होगा कि 18 लाख आवास के वादे के बाद कमार जनजाति के परिवार को अपने आवास के लिए अधिकारी के चरणों पर लोटना पड़ रहा है. आदिवासी मुख्यमंत्री के लिए यह शर्म का विषय है.
