महावीर चौक हत्या कांड में फरार आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी हिरासत में
धमतरी- जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीर चौक पर हुई बुजुर्ग की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक धमतरी के कड़े निर्देशों के बाद भखारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को अपनी हिरासत में ले लिया है.
विवाद और हत्या की वजह
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 मई 2026 की रात की है. महावीर चौक के पास पुराने लेन-देन और एक्सीडेंट की बात को लेकर अन्नु निर्मलकर और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और इसी दौरान एक नाबालिग आरोपी ने धारदार चाकू से अन्नु निर्मलकर के गले पर घातक वार कर दिया. जिला अस्पताल धमतरी ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था.
फरार आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में
प्रार्थी संतोष निर्मलकर की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था. घटना के तुरंत बाद पुलिस ने एक आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार थे. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर फरार मुख्य आरोपी राहुल कंवर उर्फ राहुल बटन उर्फ सरकार (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही घटना में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है.
गिरफ्तार आरोपी का नाम
राहुल कंवर उर्फ राहुल बटन उर्फ सरकार पिता हेमसिंग कंवर, उम्र 20 वर्ष, निवासी भखारा, थाना भखारा, जिला धमतरी (छ.ग.)
