बैंक से पैसा निकालने वालों को बनाते थे निशाना
रायगढ़- छत्तीसगढ़ और ओडिशा में सक्रिय अंतरराज्यीय उठाईगिरी व लूट गिरोह का रायगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड आरोपी अरविंद नट को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पूछताछ में 15 से अधिक चोरी, लूट और उठाईगिरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है जिसमें से लैलूंगा के 4 बड़े मामलों का खुलासा हुआ है.
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह बैंक से पैसा निकालने वाले लोगों को निशाना बनाता था. पहले रेकी कर पीछा किया जाता और मौका मिलते ही वाहन की डिक्की तोड़कर लाखों रुपये पार कर दिए जाते थे. वारदात को अंजाम देने के लिए पेचकस और डुप्लीकेट चाबी जैसे औजारों का इस्तेमाल किया जाता था.
छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की तलाश थी. रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में पुलिस ने आरोपी को रेकी करते समय दबोचा. सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पुलिस को इस गिरोह तक पहुंचने में बड़ी सफलता मिली.
गिरफ्तार आरोपी से लैलूंगा के चार बड़े मामलों का खुलासा हुआ है. पुलिस ने उसके कब्जे से लाखों रुपये की चोरी से जुड़ी सामग्री, मोटरसाइकिल, औजार और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं. फिलहाल एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी फरार है. पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही दूसरी गिरफ्तारी की उम्मीद है.
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा अंतरराज्यीय अपराधियों पर रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस— संगठित अपराध पर लगातार प्रहार, आमजन सतर्क रहें और तुरंत सूचना दें”.
