अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर कार्रवाई, 115 किलो गांजा समेत 2 आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव- केशकाल पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115.214 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 11,52,140 रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा XUV 500 कार (RJ 14 UF 2337) भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 18 लाख रुपये है. कुल जब्ती की कीमत 29,52,140 रुपये आंकी गई है.
पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और एसडीओपी अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में अवैध गांजा व शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान 20 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से रायपुर की ओर एक संदिग्ध वाहन में गांजा ले जाया जा रहा है.
सूचना के आधार पर केशकाल थाना के सामने चेकिंग पॉइंट (एमसीपी) लगाया गया. कुछ समय बाद संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन नहीं रुका. इसके बाद पुलिस ने पेट्रोलिंग वाहन और बैरिकेडिंग की मदद से कार को रोक लिया. वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम सूरज सिंह राठौड़ और पंकज पुरी गोस्वामी बताया, जो राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के निवासी हैं. तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 53 पैकेटों में पैक गांजा बरामद हुआ.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
