भीषण अग्निकांड में टली बड़ी जनहानि: पुलिस अधीक्षक ने साहसिक फायर एवं होमगार्ड कर्मियों को किया सम्मानित
दुर्ग- जिले के मार्केट क्षेत्र में बीते 29 मार्च की रात हुए भीषण अग्निकांड में त्वरित और साहसिक कार्रवाई करने वाले फायर एवं होमगार्ड विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया है. पुलिस अधीक्षक, दुर्ग ने टीम की उत्कृष्ट कार्यक्षमता और बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए.
आधी रात का रेस्क्यू ऑपरेशन
29.03.2026 को रात्रि लगभग 23:00 बजे थाना क्षेत्र अंतर्गत मार्केट क्षेत्र में स्थित जूते-चप्पल की दुकान में भीषण आग लगने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर एवं संसाधनों के साथ आग बुझाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई.
घटना के दौरान जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी द्वारा मौके पर उपस्थित रहकर संपूर्ण राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया गया. उनके द्वारा टीमों का समुचित विभाजन कर आग पर नियंत्रण हेतु रणनीतिक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे आग को अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोका जा सका एवं बड़ी जनहानि टाली गई.
सम्मानित होने वाले अधिकारी व कर्मचारी
साहसिक कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने निम्नलिखित जांबाजों को सम्मानित किया.
नागेंद्र कुमार सिंह (जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी), संतोष पाण्डेय (प्रधान आरक्षक), एफ. प्रवीण बारा (सहायक फायर प्रभारी), धनसुख यादव (वाहन चालक), संतोष मडकिया, उमाशंकर, कुलदीप सिंह, पप्पा भारद्वाज, घनश्याम यादव (फायरमैन), राजूलाल, टीकेश्वर, कमलेश, नितिन रामटेके, रमेश कुमार, हरीश कुमार एवं कन्हैया यादव.
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें, विद्युत एवं ज्वलनशील सामग्री के उपयोग में सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, जिससे समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
