बाथरूम में गिरने का बनाया झूठा बहाना, पोस्टमार्टम ने खोला राज
रायपुर – रायपुर पुलिस ने डीडी नगर क्षेत्रांतर्गत में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, बेटी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है. जिसे परिवार ने एक हादसा बताकर छिपाने की कोशिश की थी, वह वास्तव में एक सोची-समझी हत्या निकली.
जानकारी के अनुसार, घटना 27 सितंबर 2025 की रात लगभग 11 बजे की है, जब डीडी नगर निवासी वीरेंद्र भारती गोस्वामी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी. उस वक्त परिजनों ने पुलिस और रिश्तेदारों को गुमराह करते हुए बताया था कि वीरेंद्र बाथरूम में गिरकर बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था. 29 सितंबर 2025 को पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया.
PM रिपोर्ट से खुला राज
मामले में असली मोड़ तब आया जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई. डॉक्टर ने मृतक के शरीर पर 17 गंभीर चोटें पाईं, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है. डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल और एसीपी देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में जब मृतक की पत्नी और बेटी से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाली रात करीब 11 बजे मोबाइल देखने को लेकर घर में पारिवारिक विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोश में आकर पत्नी और बेटी ने घर में रखे लकड़ी के बैट और ईंट से वीरेंद्र के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपियों ने बड़ी चालाकी से घर में फैला खून साफ किया और वारदात में इस्तेमाल हथियार (लकड़ी व ईंट) और खून से सने कपड़ों को पास के एक नाले में फेंक दिया था. पुलिस ने अब इन साक्ष्यों को बरामद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
थाना डीडी नगर में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238, और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 252/2026 पंजीबद्ध किया गया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों (पत्नी, बेटी और एक नाबालिग) को 15 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है.
गिरफ्तार आरोपी
- दीपा भारती गोस्वामी (उम्र 44 वर्ष)
- तनिया भारती गोस्वामी (उम्र 19 वर्ष)
- एक नाबालिग बालिका
