अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर घोटाले का मास्टरमाइंड शोलापुर से गिरफ्तार, 42 आरोपी पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार
रायपुर पुलिस को अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी मामले में बड़ी सफलता मिली है. इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन के तहत 25 मार्च 2026 को अवैध कॉल सेंटरों पर छापेमारी के बाद अब इस पूरे गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड विकास नरेंद्र शुक्ला को सोलापुर से गिरफ्तार किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, पिछले महीने रायपुर कमिश्नर के नेतृत्व में सुभाष नगर और न्यू राजेंद्र नगर स्थित कॉल सेंटरों पर रेड डाली गई थी, जिसमें 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ के दौरान इस पूरे गिरोह के मुख्य संचालक के रूप में विकास नरेंद्र शुक्ला का नाम सामने आया. आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात, गोवा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में ठिकाने बदल रहा था, लेकिन अंततः तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उसे शोलापुर से धर दबोचा गया.
ठगी का हाई-टेक तरीका
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी विकास शुक्ला बेहद शातिर तरीके से ठगी को अंजाम देता था. आरोपी डार्क वेब, स्काइप और टेलीग्राम के जरिए अमेरिकी नागरिकों का डेटा प्राप्त करता था. कॉल सेंटर के जरिए विदेशी नागरिकों को लोन और क्रेडिट स्कोर सुधारने का लालच दिया जाता था. जो लोग झांसे में नहीं आते थे, उन्हें फर्जी वारंट और नोटिस भेजकर डराया जाता था. ठगी की राशि सीधे बैंक खाते में न लेकर ‘गिफ्ट कार्ड्स’ के रूप में ली जाती थी. बाद में यूएसडीटी (USDT) को प्रोसेसिंग चैनल के माध्यम से भारतीय करेंसी में बदला जाता था.
आरोपी का आपराधिक इतिहास
32 वर्षीय विकास शुक्ला मूल रूप से अहमदाबाद, गुजरात का निवासी है. वह पेशेवर अपराधी है और साल 2019 में भी पुणे में अवैध कॉल सेंटर चलाने के आरोप में जेल जा चुका है. पुलिस ने उसके पास से 4 मोबाइल फोन, 4 एटीएम कार्ड और 1 पैन कार्ड जब्त किया है.
पुलिस की कार्रवाई
रायपुर के थाना गंज और थाना न्यू राजेंद्र नगर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों और नेटवर्क की तलाश जारी है. 25 मार्च की छापेमारी और वर्तमान गिरफ्तारी को मिलाकर अब तक कुल 71 मोबाइल, 18 लैपटॉप, 28 कंप्यूटर सेट और भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत 16. 53 लाख आंकी गई है.
