IPL सट्टा रैकेट : कुरूद में ऑनलाइन नेटवर्क ध्वस्त, दो आदतन अपराधी गिरफ्तार
धमतरी- आईपीएल (IPL) के सीजन में सट्टेबाजी का जाल बुनने वालों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कुरूद पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है.
BLISSEXCH ऐप के जरिए चल रहा था खेल
पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि कुरूद के बीएसएनएल ऑफिस के पास कुछ लोग मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगवा रहे हैं. पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी, जहां दो व्यक्ति BLISSEXCH नामक ऑनलाइन ऐप के माध्यम से रुपयों की हार-जीत का दांव लगाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए.
पकड़े गए दोनों आरोपी पुराने और आदतन अपराधी हैं. इनके खिलाफ कुरूद थाने में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य नामों का खुलासा हो सके. आरोपियों के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत धारा 7 (छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम) धारा 112, 3(5) बीएनएस (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
लाखों की जब्ती
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों से एक सफेद रंग की अर्टिका कार (CG-05 AP-8457), कीमत लगभग 4 लाख रुपये, 2 नग स्मार्टफोन और 1 आईफोन (कुल कीमत ₹85,000), 20,500 रुपये नगद मशरूका बरामद किया है.
गिरफ्तार आरोपी
(01) जीवन यादव, पिता स्व. भगत यादव (उम्र 40 वर्ष), निवासी – पुराना बस स्टैंड, कुरूद, जिला धमतरी (छ.ग.)
(02) कौशल साहू, पिता स्व. मनहोरी साहू (उम्र 31 वर्ष), निवासी – कारगिल चौक, कुरूद, जिला धमतरी (छ.ग.)
