नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, डेढ़ एकड़ अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर
रायपुर- राजधानी में अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ नगर निगम ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर आज जोन 10 के अंतर्गत आने वाले रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड क्रमांक 55 में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई.
डेढ़ एकड़ निजी भूमि पर हो रहा था कब्जा
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, मोती नगर प्रगति विहार और कमल विहार (कौशल्या विहार) के समीप लगभग डेढ़ एकड़ निजी भूमि पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था. बिना किसी अनुमति के यहाँ प्लॉट काटकर बेचे जाने की तैयारी थी.
मुरूम रोड को किया गया ध्वस्त
जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के नेतृत्व में नगर निवेश विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर सख्त कदम उठाए. अवैध प्लाटिंग के उद्देश्य से बनाई गई अवैध मुरूम रोड को जेसीबी (JCB) मशीन की सहायता से पूरी तरह उखाड़ दिया गया. निगम ने सड़क को काटकर आवागमन पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया है, ताकि भविष्य में यहाँ कोई निर्माण या प्लाटिंग न की जा सके.
कार्रवाई के दौरान निगम के वरिष्ठ अधिकारी आशीष शुक्ला (कार्यपालन अभियंता, जोन 10), योगेश यदु (सहायक अभियंता), सुशील अहीर (सहायक अभियंता), राहुल थारानी (उप अभियंता) फील्ड पर डटे रहे.
