वेदांता पावर प्लांट बॉयलर हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, कांग्रेस ने भी बनाई जांच समिति
सक्ती जिला के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए बॉयलर हादसे की जांच के लिए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं. अमृत विकास तोपनो ने डभरा एसडीएम को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं.

जांच में घटना के कारण, जिम्मेदार व्यक्तियों, मृतक और घायल मजदूरों की जानकारी, तथा सुरक्षा निरीक्षण में हुई संभावित लापरवाही की पड़ताल की जाएगी. साथ ही यह भी देखा जाएगा कि दुर्घटना तकनीकी कारणों से हुई या मानवीय त्रुटि के कारण.
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी इस हादसे की जांच के लिए एक समिति गठित की है. दीपक बैज के निर्देश पर जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में बनी यह समिति पीड़ित परिवारों से मिलकर स्थिति का जायजा लेगी. समिति में कई विधायक और पूर्व मंत्री शामिल हैं.

