हनीट्रैप के जाल में फंसाकर रची गई अपहरण की साजिश, 5 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग- दुर्ग पुलिस ने एक सनसनीखेज अपहरण मामले का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की. अमलेश्वर में हनीट्रैप के जरिए रची गई इस साजिश में एक मासूम बच्चे को बहाने से बुलाकर किडनैप किया गया था. अपहरण के बाद आरोपियों ने मोबाइल के जरिए धमकी देकर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तेज कार्रवाई ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया है.
प्रार्थी ने थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके नाबालिग बेटे को बाइक बनवाने के बहाने तिरंगा चौक बुलाकर अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है. इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल के जरिए धमकी भी दी. मामले की गंभीरता को दुखते हुए पुलिस, साइबर सेल और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई. मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और मुखबिर के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन धमतरी जिले में मिलने पर वहां की पुलिस टीम के सहयोग से संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया.
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड पीड़ित परिवार का परिचित संजय साहू (25) है. उसने एक महिला आरोपी के माध्यम से हनीट्रैप का जाल बिछाया और अपने साथियों के साथ मिलकर बच्चे का अपहरण किया. आरोपियों ने फिरौती के लिए इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया.
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने संजय साहू, शैलेन्द्र लहरे, कृष्णा साहू उर्फ करण, रविन्द्र लहरे, और एक महिला को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से एक कार और छह मोबाइल फोन जब्त किए है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है.
दुर्ग पुलिस की अपील
- दुर्ग पुलिस ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
- सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधान रहें .
- हनीट्रैप जैसे जाल से बचें .
- किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें.
