मौके पर पूर्व के पेंडिंग ई-चालान का भी कराया गया भुगतान
रायपुर- रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुधारने और जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने 12 अप्रैल 2026 को विशेष अभियान चलाया. यह अभियान दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक यातायात पुलिस के निर्देश पर चलाया गया. इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 78 ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की गई. इनमें बिना लाइसेंस वाहन चलाना, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करना और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे उल्लंघन शामिल थे. अभियान के दौरान जिन चालकों के पुराने ई-चालान बकाया थे, उनसे मौके पर ही भुगतान भी करवाया गया.
पुलिस ने बताया कि शहर में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की लापरवाही से लगातार जाम की स्थिति बन रही थी, जिसकी शिकायतें मिल रही थीं. इसी के चलते यह सख्त कार्रवाई की गई.
यातायात पुलिस ने सभी चालकों से अपील की है कि वे अपने दस्तावेज अपडेट रखें, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन न खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
