आईपीएल सट्टा रैकेट पर पुलिस का शिकंजा, फरार आरोपी मूलचंद प्रजापति गिरफ्तार
राजनांदगांव – जिले के थाना बसंतपुर क्षेत्र में आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया था. इस मामले में पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था. अब फरार चल रहे एक और आरोपी मूलचंद प्रजापति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक और साइबर सेल व थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम द्वारा 6 अप्रैल 2026 को की गई थी. उस दौरान वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन उर्फ नरेन्द्र देवांगन को गिरफ्तार कर उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल, चार्जर, नगदी और सट्टा पट्टी सहित करीब 5.5 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई थी.
उक्त प्रकरण में अन्य दो आरोपी—मूलचंद प्रजापति और सादिक खान निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) फरार चल रहे थे. फरार आरोपी मूलचंद प्रजापति की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे. इसी दौरान विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरोपी के सकुनत पर दबिश देकर मूलचंद प्रजापति को गिरफ्तार किया गया तथा उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया.
गिरफ्तार आरोपी
मूलचंद प्रजापति पिता धरम प्रजापति, उम्र 26 वर्ष, निवासी – मोहारा, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव.
