नवविवाहिता की हत्या का खुलासा: पति और सास गिरफ्तार, भेजे गए जेल
धमतरी – जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी करेली बड़ी के ग्राम हरदी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. जांच में यह मामला हत्या का निकला, जिसमें मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मार्च को नवविवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद मर्ग कायम कर विस्तृत विवेचना शुरू की गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटना (श्वास अवरोध) पाया गया, जिससे हत्या की पुष्टि हुई.
विवेचना के दौरान करेलीबड़ी पुलिस टीम द्वारा सतत पूछताछ, एवं एफएसएल टीम द्वारा तथ्यों का विश्लेषण एवं तकनीकी साक्ष्यों के समन्वय से यह तथ्य सामने आया कि मृतिका का अपने पति चन्द्रशेखर यादव के साथ संतान को लेकर अक्सर विवाद होता था. घटना दिनांक को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी का गला रस्सी से दबाकर हत्या कर दी. पुलिस की सख्त पूछताछ एवं सतत निगरानी के चलते आरोपी चन्द्रशेखर यादव (उम्र 26 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके पश्चात उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त काले रंग की नोई रस्सी जप्त की गई तथा उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया.
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी की मां रिना बाई यादव (उम्र 46 वर्ष) ने घटना की सच्चाई छुपाते हुए मृतिका की मृत्यु को सीने में दर्द से होना बताकर भ्रामक सूचना दी, जिससे साक्ष्य को छुपाने की कोशिश एवं पुलिस को गुमराह करने के प्रयास किया गया इस पर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार किया गया.
दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 103(1), 238(क) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है.
गिरफ्तार आरोपीगण
(01) चन्द्रशेखर यादव पिता एवन लाल यादव, उम्र 26 वर्ष
(02) रिना बाई यादव पति एवन लाल यादव, उम्र 46 वर्ष
दोनों निवासी ग्राम हरदी, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छ.ग.)
