बीरा के अंगना में हनुमंत जन्मोत्सव पर भव्य आयोजन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
भिलाई- छत्तीसगढ़ में आज हनुमान जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गई. इस पावन अवसर पर जगह- जगह महाभोग एवं भंडारा का आयोजन किया गया. विशेष रूप से भिलाई में हनुमान मंदिर सेक्टर-9 एवं आर्य नगर कोहका स्थित बीरा के अंगना में हनुमान जयंती बड़े ही उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई.
इस अवसर पर बीरा के अंगना में श्री हनुमान चालीसा पाठ, हवन-पूजन एवं करीब 2 हजार लोगों ने भगवान बजरंगबली का अभिषेक किया. साथ ही सुबह से रात तक चले भजन कीर्तन में 38 मंडिलयों ने हिस्सा लिया.
कार्यक्रम में संत महात्माओं का सान्निध्य भी प्राप्त हुआ, जिसमें श्री मंगल मूर्ति धाम पीठाधीश्वर के महंत कान्हा जी महाराज एवं देवा जी महाराज की विशेष उपस्थिति रही. उनके प्रवचन और आशीर्वचन से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बन गया.
सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. दोपहर 1 बजे से महाभोग भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 10 हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया.
कार्यक्रम के संयोजक इंद्रजीत सिंह (छोट) ने बताया कि इस तरह के धार्मिक कार्यक्रम से समाज में एकता और सद्भावना को बढ़ावा मिलेगा. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सर्वसमाज कल्याण समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और भक्ति का प्रतीक बन गया.

