पेंडरवा में खूनी हमला: महिला की मौत—7 घायल, अंकित गौराहा ने प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल
बिलासपुर- जिले के ग्राम पेंडरवा गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. एक ही परिवार पर हुए खूनी हमले में एक महिला की जान चली गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अचानक घर में घुसकर हमला किया और बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं. इस दरिंदगी में मासूम बच्चों तक को नहीं छोड़ा गया. किसी के सिर फूटे, तो किसी के हाथ और कान पर गंभीर चोटें आईं. गांव में इस घटना के बाद दहशत और गुस्से का माहौल है.
घटना के बाद कांग्रेस नेता अंकित गौरहा सिम्स अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. इस दौरान उन्होंने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा यह घटना प्रशासन की घोर लापरवाही का परिणाम है. यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई की जाती, तो शायद एक महिला की जान नहीं जाती और इतने लोग घायल नहीं होते. इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चिंताजनक पहलू यह सामने आया है कि पीड़ित परिवार एक दिन पूर्व ही अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचा था. बताया जा रहा है कि उस समय थाना प्रभारी वीआईपी ड्यूटी में व्यस्त थे और वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था, जो शिकायत पर तत्काल कार्रवाई कर सके. यदि समय रहते उचित कदम उठाए जाते, तो संभवतः इस घटना को टाला जा सकता था.
घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. अब तक किसी भी संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई है.
