झपटमारी करने वाली महिला गिरफ्तार, सोने का मंगलसूत्र बरामद
कोण्डागांव- कोण्डागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झपटमारी की आरोपी महिला को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से करीब 50,000 रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र भी बरामद किया गया है.
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 को प्रार्थिया इंदरा ने थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह विकास नगर स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय सदगुरू कबीर संत समागम समारोह में शामिल होने आई थी. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला ने उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई. जांच के दौरान संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ज्योति धमधे (30 वर्ष), निवासी बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
