राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, दंत स्वास्थ्य पर दिया गया जोर
भिलाई- राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुन्दा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिरीन परवीन खान, डॉ. नीतीश शुक्ला एवं डेंटिस्ट डॉ. देवेश साहू ने उपस्थित लोगों को मुख एवं दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया.
विशेषज्ञों ने बताया कि मुख स्वास्थ्य हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य का अहम हिस्सा है. नियमित रूप से दांतों की सफाई, सही तरीके से ब्रश करना, समय-समय पर दंत परीक्षण कराना तथा तंबाकू एवं गुटखा जैसे हानिकारक पदार्थों से दूरी बनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है. डॉ. नीतीश शुक्ला ने कहा कि छोटी-छोटी लापरवाहियां आगे चलकर बड़ी समस्याओं का कारण बनती हैं, इसलिए शुरुआत से ही सजग रहना आवश्यक है. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को मुख स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया. इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र की सिस्टर पुष्पलता लोन्हारे, कमल किशोर, आसमा पटेल, राखी सोनी, नीलम ध्रुव एवं पुष्पा सहित स्टाफ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
