पूर्व में 04 आरोपियो को किया जा चुका है गिरफ्तार
रायपुर- फर्जी एमबीबीएस और बीएएमएस डिग्री बनाकर तथा पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में एक और आरोपी साक्षी सिंह (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है.
मामला क्या है?
17 फरवरी 2026 को प्रार्थी संजय निराला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि भुनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर, राकेश रात्रे एवं अन्य व्यक्तियों के द्वारा प्रार्थी एवं उसके रिश्तेदारों को पोस्ट आफिस के विभिन्न पदों में नौकरी लगाने एवं फर्जी सर्टिफिकेट बनाकर देने का झांसा देकर कुल 2 करोड़ 34 लाख रू. लेकर किसी को नौकरी नहीं लगाकर धोखाधड़ी किया गया है. जिस पर थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 318(4), 335, 336(2), 338(3), 340(1), 340(2), 3(5), 111 बी.एन.एस. दर्ज कर विवेचना दौरान पूर्व में 04 आरोपी भुनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर, राकेश रात्रे को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्यवाही किया गया था.
प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ तथा लिंकेजेस के आधार पर अन्य संलिप्त आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी. इसी क्रम में प्रकरण में संलिप्त आरोपिया साक्षी सिंह को दिल्ली में रहने के संबंध में इनपुट प्राप्त होने पर पुलिस टीम भेजकर आरोपिया साक्षी सिंह को पकड़कर पूछताछ करने पर उसके द्वारा एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर डी. वाई पाटिल विद्यापीठ युनिवर्सिटी पुने का फर्जी एम.बी.बी.एस. एवं बी.ए.एम.एस. की डिग्री तैयार कर आरोपियों को देना स्वीकार की. जिस पर आरोपिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 03 नग मोबाइल फोन जप्त कर अग्रिम कार्यवाही किया गया है.
गिरफ्तार आरोपी
साक्षी सिंह पिता स्व. अनिल कुमार सिंह उम्र 28 साल स्थायी पता जानकीपुरम सेन्टमैरी हास्पिटल के पास, विकास नगर, जिला लखनउ उत्तरप्रदेश, वर्तमान पता आरजेडजी, राजनगर 2, थाना पालमनगर, साउथ वेस्ट नई दिल्ली.
