अफीम तस्करी का नेटवर्क बेनकाब, सप्लायर समेत दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग- जिले में अफीम तस्करी के एक बड़े मामले में सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार सप्लायर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच के दौरान मुख्य आरोपी से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है. यह मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने पहले 17 मार्च 2026 को खारुन ग्रीन कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से 403 ग्राम अफीम और करीब 14.46 लाख रुपये नकद जब्त किए थे. मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था.
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की गई थी. इसके अलावा बैंक खातों के लेनदेन और मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण के आधार पर अफीम सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की जांच की जा रही थी.
23 मार्च को जांच के आधार पर आरोपी शिव प्रसाद कुमार साहू और रेशम सिंह उर्फ पप्पू पाजी को गिरफ्तार किया गया. दोनों अवैध लाभ अर्जित करने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करते थे. आरोपियों के कब्जे से तलाशी लेने पर 11 ग्राम अफीम एवं दो मोबाइल फोन जप्त किया गया है. प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
शिव प्रसाद कुमार साहू उम्र 26 वर्ष निवासी लांजी, थाना गुमला, झारखंड
रेशम सिंह उर्फ पप्पू पाजी उम्र 60 वर्ष निवासी टाटीबंध हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी भारत माता स्कूल के पास रायपुर
