बारात से लौटते वक्त कार बनी आग का गोला: दूल्हा-दुल्हन समेत 7 ने कूदकर बचाई जान, चंद मिनटों में कार जलकर राख
मुंगेली- जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बारात से लौट रही एक XUV 700 कार में अचानक आग लग गई. घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवापुल के पास की बताई जा रही है. गाड़ी में दूल्हा-दुल्हन समेत कुल 7 लोग सवार थे, जिन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली.
जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव पहुंची थी, जहां रात में विवाह समारोह संपन्न हुआ. सुबह विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन और अन्य परिजन कार से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में ड्राइवर को गाड़ी से धुआं निकलता दिखाई दिया. उसने तुरंत वाहन रोका, लेकिन तब तक आग तेजी से फैलने लगी. कुछ ही पलों में कार के अंदर धुआं भर गया, जिससे कुछ भी दिखाई देना बंद हो गया. हालात को भांपते हुए सभी लोग आनन-फानन में गाड़ी से बाहर निकल गए. देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और धूं-धूं कर जलकर खाक हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन पूरी कार जलकर नष्ट हो गई.
