समापन समारोह में विधायक ललित चंद्राकर और सुपरस्टार मन कुरैशी रहे शामिल
अंडा- सभापति ट्रॉफी” प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ रविवार को रामलीला मैदान कुथरेल में संपन्न हुआ. सभापति ट्रॉफी वार्ड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबले में कुथरेल वार्ड 18-20 की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया. वहीं भानपुरी वार्ड 01-02 की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया. विजेता टीम को 20,000 रूपये और ट्रॉफी दी गई, जबकि उपविजेता टीम को 10,000 रूपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. 18 मार्च से 22 मार्च तक चले इस प्रतियोगिता में जंजगिरी, भानपुरी और कुथरेल की कुल 26 टीमों ने हिस्सा लिया था.

विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि “खेल न केवल शारीरिक स्फूर्ति देता है, बल्कि अनुशासन, टीम-वर्क और नेतृत्व के गुण भी सिखाता है. ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को मंच देने वाले ऐसे आयोजनों से युवा ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगती है. राज्य सरकार खेल अधोसंरचना—ग्रामीण स्टेडियम, मैदानों का उन्नयन, प्रशिक्षण सुविधाएँ—को निरंतर सुदृढ़ कर रही है, ताकि हमारे गाँव के खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें.” उन्होंने आयोजन समिति, निर्णायकों एवं सहयोगियों की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.
आयोजक एवं जनपद सभापति लोमश चंद्राकर ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि “सभी टीमों ने बेहतरीन खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया—आप सभी बधाई के पात्र हैं. यह तो शुरुआत है, आगे और भी बेहतर आयोजन होंगे, और हम सुविधाएँ व स्तर दोनों को और ऊँचा ले जाएँगे.”
कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी सुखदेव देवांगन, कुथरेल सरपंच गीता गजपाल, भानपुरी सरपंच उमेंदी ठाकुर, उपसरपंच विक्रम देशमुख, जंजगीरी सरपंच गीता नेता, चिरपोटी सरपंच पूजा चंद्राकर कोड़िया सरपंच खुमान निषाद, कोकड़ी सरपंच युगल किशोर विशेष रूप से उपस्थित रहे. साथ ही छत्तीसगढ़ फिल्म जगत के सुपरस्टार मन कुरैशी अपनी फिल्म “भेद” की टीम के साथ समारोह में शामिल हुए, जिससे आयोजन का आकर्षण और बढ़ गया. अतिथियों इस अवसर पर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को सराहते हुए उन्हें सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.
मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और खेल भावना को बढ़ावा मिलता है. चार दिनों तक हुए रोमांचक मुकाबले का सीधा प्रसारण 108 लाइव यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया गया जिससे दूर-दराज के खेल प्रेमियों ने मैच का आनंद लिया.
इन खिलाड़ियों ने जीते व्यक्तिगत पुरस्कार
मैन ऑफ द सीरीज – साकेत चंद्रकार (रेंजर साइकिल)
बेस्ट बॉलर – देवेंद्र चंद्रकार
बेस्ट किपर – हेंमत (राजू) देशमुख
बेस्ट फिल्डर – दिनेश यादव
बेस्ट अंपायर – जितेंद्र सिन्हा
आयोजन के सफल समापन पर आयोजक लोमश (रिंकू) चंद्रकार सभापति जनपद पंचायत दुर्ग ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया.
