कबाड़ी और यार्ड संचालकों पर सघन चेकिंग, लाखों का कबाड़ जब्त
रायपुर- नॉर्थ जोन में पुलिस ने रविवार को थाना खमतराई एवं उरला में संचालित कबाड़ियों के यार्ड एवं अन्य स्थानों में रेड कार्यवाही किया गया. यह अभियान पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के निर्देशन में संचालित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त को रोकना था.
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई वाहन और बड़ी मात्रा में लोहे का कबाड़ बरामद किया. जब्त सामान में एक टाटा डीआई वाहन, एक टैंकर, एक ट्रैक्टर, स्पंज आयरन, सेंटरिंग प्लेट, आयरन पैलेट, सरिया सहित अन्य लोहे का कबाड़ शामिल है. बरामद सामग्री और वाहनों की कुल कीमत लगभग 10 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई है.
इस कार्रवाई में चोरी का सामान खरीदने और बेचने के आरोप में 6 आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की गई. पुलिस ने सभी कबाड़ियों और यार्ड संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे चोरी का माल न खरीदें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें.
कार्यवाही का विवरण निम्नानुसार है-
थाना खमतराई क्षेत्र में कबाड़ी रूपेश सिंह, राजू सिंह तथा उमाशंकर गुप्ता के यार्ड में रेड कार्यवाही कर उनके पास से अवैध रूप से 01 नग टाटा डी.आई. वाहन जिसमें लोहे का तार सहित, 01 नग पुराना ट्रैक्टर, 01 नग पुरानी टैंकर, 100 स्पंज आयरन, 30 नग लोहे का पाईप, लोहे का तार, तथा पुराना लोहे का स्क्रैप जुमला कीमती करीबन 10,00,000/-रू जप्त किया गया.
थाना उरला क्षेत्रांतर्गत गाजी नगर बीरगांव स्थित तारकेश्वर सिंह उर्फ तारू के कबाड़ी दुकान में रेड कार्यवाही करते हुए उसके पास से अवैध रूप से रखे पुराने खिड़की का ग्रील 13 नग, सायकल 02 नग जुमला कीमती लगभग 5,600/- रूपये जप्त किया गया है.
थाना उरला क्षेत्रांतर्गत मेटल पार्क स्थित रमन शाह के कबाड़ी दुकान में रेड कार्यवाही करते हुए उसके पास से अवैध रूप से रखे लोहे का कबाड़ वजनी करीबन 1000 किलोग्राम जुमला कीमती लगभग 25,000/- रूपये जप्त किया गया है.
थाना उरला क्षेत्रांतर्गत सरोरा स्थित संतोष साव के यार्ड में रेड कार्यवाही कर उसके पास अवैध रूप से रखे पाईप एवं लोहे का स्क्रैप वजनी करीबन 405 किलोग्राम जुमला कीमती लगभग 11,900/- रूपये जप्त किया गया है.
इस प्रकार अवैध रूप से कबाड़ के कारोबार में संलिप्त कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध धारा 106 बी.एन.एस.एस तथा 35(1)ई बी.एन.एस.एस./303 बी.एन.एस. के तहत अग्रिम कार्यवाही किया गया. पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
