इंस्टाग्राम के जरिए जाल, नाबालिग से दुष्कर्म व वसूली आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़- महिला थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और वसूली के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क कर वारदात को अंजाम दिया और पीड़िता को धमकाकर 10 हजार रुपये ऐंठे.
जानकारी के अनुसार, घटना 15 मार्च 2026 की है, जब 17 वर्षीय बालिका अपने परिजनों के साथ महिला थाना पहुंची और आरोपी उध्दव दास महंत (21 वर्ष) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. आरोपी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का निवासी है और वर्तमान में रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 18/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 351(3) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 04 के तहत कार्रवाई की. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है.
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
