सफाई ठेका विवाद के बीच प्रदर्शन के दौरान महापौर बेहोश, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहुंचाया अस्पताल
रिसाली- रिसाली नगर निगम में सफाई ठेका को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है. एक ओर बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर की महापौर शशि सिन्हा निगम आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं.
सोमवार को निगम कार्यालय में चल रहे प्रदर्शन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महापौर शशि सिन्हा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं. घटना के बाद मौके पर मौजूद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि निगम आयुक्त की हठधर्मिता के कारण यह स्थिति बनी है. बताया गया कि महापौर अपने घर से दो बार पैदल चलकर नगर निगम कार्यालय पहुंची थीं और सुबह से कुछ भी नहीं खाया था. तेज धूप और थकावट के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद वे बेहोश हो गईं. घटना के बाद कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है. वहीं, सफाई ठेका को लेकर निगम में चल रहा विवाद अभी भी चर्चा का विषय बना हुआ है.
