बिलासपुर में फ्रिज ब्लास्ट से लगी आग, बुजुर्ग महिला की जिंदा जली
बिलासपुर- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह इलाके में फ्रिज में हुए तेज धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला जया अग्रवाल की जिंदा जलकर मौत हो गई. घटना के समय महिला घर में अकेली थीं और उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया.
जानकारी के मुताबिक जया अग्रवाल लिंगियाडीह में साईं मंदिर के पीछे स्थित अपने मकान में रहती थीं. रविवार देर रात अचानक घर में रखे फ्रिज में जोरदार ब्लास्ट हो गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. जब स्थानीय लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से आग की लपटें और धुआं निकल रहा है, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी और साथ ही पुलिस व दमकल विभाग को भी घटना की सूचना दी.

सूचना मिलते ही दमकल की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई. दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी. जब पुलिस ने घर के अंदर तलाशी ली तो जया अग्रवाल का शव बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिला. महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि उन्होंने अचानक तेज धमाके की आवाज सुनी थी. शुरुआत में लोगों को लगा कि गैस सिलेंडर फट गया है, लेकिन बाद में जांच में सामने आया कि घर में रखा फ्रिज फटने से आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
