प्रेस क्लब राजनांदगांव चुनाव: सचिन अग्रहरि लगातार तीसरी बार अध्यक्ष, बसंत शर्मा कोषाध्यक्ष और अनिल त्रिपाठी सचिव चुने गए
राजनांदगांव- राजनांदगांव में प्रेस क्लब के चुनाव रविवार को संपन्न हुए. इस चुनाव में अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष सहित तीन प्रमुख पदों के लिए मतदान कराया गया. चुनाव में पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रिकॉर्ड 93.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
अध्यक्ष पद के लिए हुए सीधे मुकाबले में सचिन अग्रहरि ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की. उन्हें 107 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी कमलेश स्वर्णकार को 41 वोट प्राप्त हुए. इस तरह सचिन अग्रहरि ने 66 मतों के अंतर से जीत हासिल की.
सचिव पद के लिए अनिल त्रिपाठी विजयी रहे. उन्हें कुल 74 वोट मिले. वहीं विक्रम बाजपेयी को 50 वोट, सुरेंद्र गुप्ता को 12, मनोज राठौड़ को 6 और योगेश शर्मा को 6 वोट प्राप्त हुए.
कोषाध्यक्ष पद पर बसंत शर्मा ने जीत दर्ज की. उन्हें 85 वोट मिले, जबकि रवि सिंह ठाकुर को 32 और प्रमोद शेंडे को 31 वोट हासिल हुए.
प्रेस क्लब चुनाव में कुल 158 मतदाता थे, जिनमें से 148 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया. मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली. इसके बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू हुई और शाम 5 बजे तक परिणाम घोषित कर दिए गए.
चुनाव में निर्वाचन अधिकारी के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता उमाकांत भारद्वाज के साथ मनोज चौधरी, विमल हाजरा, मनीष तिवारी, सुनीता वर्मा, खेमराज वर्मा, नंदिनी, खुशी और नितिन साहू शामिल रहे.
जीत के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सचिन अग्रहरि ने कहा कि यह जीत प्रेस क्लब के सभी सदस्यों की जीत है. उन्होंने बताया कि पिछले दो कार्यकाल में पत्रकारों के लिए आवासीय परिसर का आवंटन और वहां विकास कार्य कराया गया है. इस कार्यकाल में बचे हुए कार्यों को पूरा कराने और वंचित पत्रकारों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि आगे भी पहले से बेहतर काम करने का प्रयास किया जाएगा.
