देह व्यापार उजागर: विद्या विहार कॉलोनी के मकान में रेड, महिला संचालिका और ग्राहक गिरफ्तार
भिलाई- स्मृति नगर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी में एक मकान में संचालित अवैध देह व्यापार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इस रैकेट का संचालन करने वाली महिला और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से आठ महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई.
पुलिस को 10 मार्च को सूचना मिली थी कि विद्या विहार कॉलोनी के एक मकान में संदिग्ध गतिविधियों के साथ देह व्यापार कराया जा रहा है. सूचना के आधार पर महिला रक्षा टीम और स्मृति नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने योजना बनाकर मकान नंबर 156/8 में दबिश दी.
छापेमारी के दौरान मकान के अंदर कई महिलाएं और एक ग्राहक मौजूद मिले. जांच में सामने आया कि यहां महिलाओं को बुलाकर उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था. पुलिस ने मौके से संचालिका धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत और ग्राहक को गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आठ महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई. वहीं मौके से एक मोटरसाइकिल, 12 मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और 5500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. उक्त कार्यवाही में IUCAW टीम एवं थाना स्मृति नगर पुलिस की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही.
