अफीम कांड में बड़ा एक्शन: आरोपी विनायक ताम्रकार के भाई की अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर
दुर्ग- जिले में अफीम की अवैध खेती के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की गिरफ्तारी के बाद अब प्रशासन ने उनके परिवार से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है. जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम समोदा में आज प्रशासन ने आरोपी विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था.
दरअसल, दुर्ग जिले के समोदा और झेंझरी गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार द्वारा अफीम की खेती कराए जाने का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. मामले के सामने आते ही भाजपा संगठन ने विनायक ताम्रकार को पार्टी से निष्कासित कर दिया है, वहीं पुलिस और प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहे हैं.
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के खेत से अफीम की फसल जब्त की है. जब्त की गई अफीम को नष्ट करने की तैयारी की जा रही है और पर्यावरण विभाग से अनुमति मिलने के बाद इसे नष्ट किया जाएगा.
इसी कड़ी में जिला प्रशासन ने आज विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार द्वारा बेजा कब्जे में बनाई गई दुकान को अवैध मानते हुए बुलडोजर से गिरा दिया. पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने पूरे निर्माण को ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. इस पूरे प्रकरण को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेरने में जुटी हुई है, जिससे प्रदेश की राजनीति में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दो आरोपी अभी फरार हैं. फरार आरोपियों के मोबाइल फोन बंद होने से लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
