देह व्यापार का भंडाफोड़: किराये के मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट, तीन आरोपी गिरफ्तार
धमतरी- शहर के टिकरापारा क्षेत्र में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों द्वारा किराये के मकान में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था. पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल, दवाइयाँ और अन्य सामग्री सहित कुल ₹14,827 की मशरूका जब्त की है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी धमतरी के निर्देशन में जिले में अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 07 मार्च 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरापारा वार्ड, शासकीय जिला अस्पताल के पीछे स्थित पंकज गौतम के मकान में देह व्यापार कराया जा रहा है. सूचना की पुष्टि के बाद थाना सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने गवाहों और प्वाइंटर के साथ मौके पर रेड कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान मकान के अंदर 02 युवक और 02 युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए.

पुलिस ने मौके से सुशील गिलहरे (38 वर्ष), खुमान साहू (40 वर्ष) और लोचन देवांगन (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुशील गिलहरे द्वारा मकान किराये पर लेकर महिलाओं को पैसों का लालच देकर और उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था. आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन, ZAGORE-100 और MANFORCE दवाइयाँ, तथा फोन-पे ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट सहित कुल 14,827 की सामग्री जब्त की गई है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
