धान खरीदी केंद्र में धान में पानी डालने का मामला, हुई त्वरित कार्रवाई, चार कर्मचारी बर्खास्त
अभनपुर- धान खरीदी केंद्र में धान की बोरियों में पानी डालने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है. धान की बोरियों में पानी मिलने की वीडियो सामने आने के बाद आक्रोशित किसानों ने समिति के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया था.
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, भलेरा के धान उपार्जन केंद्र में संग्रहित धान पर मोटर पंप से पानी डालने की घटना वायरल होते ही प्रशासन द्वारा त्वरित एक्शन लिया गया है. वीडियो के आधार पर एक्शन लेते हुए रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह द्वारा गठित जाँच समिति की रिपोर्ट में धान में नमी पाई गई.
जांच में समिति के प्रभारी प्रबंधक विष्णु साहू, लिपिकीय सहायक उमेश कुमार साहू, प्रोसिसर्वर इंदरमन निषाद तथा दैनिक कर्मचारी जितेन्द्र कुमार साहू की लापरवाही सामने आई है, जो छत्तीसगढ़ शासन की धान उपार्जन नीति 2025–26 के प्रावधानों के विपरीत है, इसके पश्चात चारों कर्मचारियो को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. इसके साथ ही मामले में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध FIR की कार्यवाही भी की जा रही है.
