दर्दनाक सड़क हादसा: यात्री बस पलटने से 6 यात्रियों की मौत, कई घायल
जशपुर- जिले में करडेगा से कुनकुरी आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस भीषण सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे समेत 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है. वहीं, 9 अन्य से घायल बताए जा रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की है. बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे. हादसा करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुआ, जब बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे पलट गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी है. 9 घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है. प्रशासन द्वारा सभी घायलों के बेहतर इलाज के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए हैं. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
