टी20 विश्व कप: जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला
स्पोटर्स डेस्क- टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में गुरुवार यानी आज भारत और जिम्बाब्वे आमने-सामने होंगे. सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है. मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे टॉस होगा और मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा.
एक ओर भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका से करारी हार का झटका लगा, तो दूसरी ओर जिम्बाब्वे की टीम भी वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़ी शिकस्त झेल चुकी है. ऐसे में चेन्नई के चेपॉक में होने वाला यह मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है. टी20 विश्व कप 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया फंसी हुई है. अगर उसे सेमीफाइनल में जाना है तो सुपर 8 के बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे. एक भी हार उसका सफर खत्म कर सकती है. टीम इंडिया को 26 फरवरी यानी आज सुपर 8 का दूसरा मुकाबला जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना है. यह दोनों टीमों के लिए करो या मरो वाला मैच है. सूर्या ब्रिगेड को पिछले मैच में साउथ अफ्रीका ने 76 रनों से हराया था. उस हार से सबक लेते हुए टीम इंडिया प्लेइंग 11 में एक अहम बदलाव के साथ मैदान में उतर सकती है.
प्लेइंग 11 में बदलाव की संभावना
अभिषेक शर्मा लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा का स्ट्राइक रेट चिंता का विषय रहा है. बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक पहले ही इस बात के संकेत दे चुके हैं कि संजू सैमसन को प्लेइंग 11 में शामिल किए जाने पर विचार किया जा सकता है. दरअसल, ईशान और अभिषेक बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. इसके बाद तीसरे नंबर पर आने वाले तिलक वर्मा भी बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं. वहीं, दूसरी टीमें लगातार स्पिनर्स का इस्तेमाल कर रही हैं. ऐसे में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
अगर सैमसन की प्लेइंग 11 में वापसी होती है तो वह अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं. वहीं, तिलक वर्मा की छुट्टी हो सकती है और उनकी जगह ईशान किशन नंबर-3 पर खेलते नजर आ सकते हैं. इस बात की भी संभावना है कि टीम प्रबंधन ईशान और अभिषेक को ही ओपनिंग का मौका दे और तीसरे स्थान पर सैमसन को खिला सकता है. कुल मिलाकर शीर्ष-तीन में बदलाव हो सकता है.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा/संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर/अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती.
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, तदिवनाशे मारुमानी (विकेटकीपर), रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), डियोन मायर्स, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड एनगारवा, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रीमर.
