धोखाधड़ी का खुलासा: जीवितों को मृत दिखाकर 1.19 करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग- पाटन पुलिस ने जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाकर फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर करीब 1 करोड़ 19 लाख रूपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) के खातों में फर्जी मृत्यु का दावा कर यह मामला पाटन थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार HDFC बैंक के बोकारो झारखंड के प्रबंधक ने दुर्ग के पाटन थाने में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था की राष्ट्रीय पेंशन (NPS) योजना से संबंधित खातों में फर्जी मृत्यु का दावा प्रस्तुत कर लगभग एक करोड़ 19 लाख रुपये की राशि फर्जी तरीके से निकाली ली गई है. इसके बाद जब दुर्ग पुलिस ने जांच शुरू कि तो पता चला कि संबंधित व्यक्ति जीवित पाए गए. यानी कि जीवित व्यक्तियों को कागजों में मृत दर्शाया गया और फिर फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर राशि निकाली गई.
तो वहीं राजेश कन्नौजिया नामक व्यक्ति दुर्ग में एक ऑनलाइन सेवा केंद्र को संचालित करता है. उसके द्वारा ग्राहकों से आधार, पैन कार्ड, बैंक संबंधी जानकारी प्राप्त कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दावा प्रस्तुत किया जाता था. इनमें ज्यादातर सेवानिवृत्त कर्मचारी होते थे. इन दावों में पते असामान्य, अमान्य QR कोड, बैंक खातों के लेन-देन में अनियमितता पाई गई. इस प्रकरण में HDFC लाइफ के पूर्व कर्मचारी राजेश ठाकुर द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर जाली दस्तावेज अपलोड किया जाता था. उसके द्वारा गलत सत्यापन किया जाता था. पुलिस ने आरोपी के पास से 10 हजार रुपए नगद और फर्जी दस्तावेज जब्त किए है.
