छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से, 24 को पेश होगा सरकार का तीसरा बजट
रायपुर- छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होने जा रहा है. बजट सत्र में वित्त मंत्री ओपी चौधरी 24 फरवरी को सदन के पटल पर अपनी सरकार के बजट प्रस्तुत करेंगे.
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट को लेकर कहा कि 23 फरवरी से बजट सत्र का आगाज होने जा रहा है। संभवतः 24 फरवरी को बजट प्रस्तुत होगा। आदरणीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में हमारी सरकार यह तीसरा बजट प्रस्तुत करेगी। 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दीर्घकालिक योजना में हमारा हर बजट छत्तीसगढ़ विजन 2047 की ओर एक-एक कदम के रुप में अल्पकालिक योजना की तरह कार्य करेगा। इस साल भी एक नया और विशिष्ट थीम देखने को मिलेगा. बजट सत्र की तैयारियों और विभागीय चर्चाओं के लिए वह आज मंत्रालय, महानदी भवन में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि इस बार का बजट महिलाओं, युवाओं और किसानों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है. इसमें सभी वर्गों को ध्यान रखा गया है. उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि बजट के माध्यम से प्रदेश के विकास को गति मिले और जनहितकारी योजनाओं को और मजबूत किया जाए.मंत्री ने कहा कि बजट की रणनीति 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप तैयार की गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को ध्यान में रखते हुए विकसित छत्तीसगढ़ विजन डॉक्यूमेंट की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम होगा. 2047 के लॉन्ग टर्म प्लान और शॉर्ट टर्म प्लानिंग के तहत बजट में स्पष्ट रोडमैप देखने को मिलेगा.
