SDM- नायब तहसीलदार पर लगा गंभीर आरोप: पिटाई से एक बुजुर्ग की मौत, दो घायल
अंबिकापुर- बलरामपुर जिले के कुसमी एसडीएम और नायब तहसीलदार पर हत्या का गंभीर आरोप लगा है. बाक्साइट लोड ट्रक रोकने के संदेह पर खेत से लौट रहे तीन ग्रामीणों पर एसडीएम व उसके सहयोगियों पर मारपीट का आरोप है. पिटाई से एक आदिवासी की मौत हो गई. दो घायल ग्रामीणों को कुसमी अस्पताल में भर्ती किया गया है. इस घटना के बाद कुसमी में माहौल गरमा गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों सहित चार लोगों को हिरासत में लिया गया है. घटना कुसमी थाना क्षेत्र की है. फिलहाल जांच जारी है.
जानकारी के मुताबिक, कुसमी एसडीएम करूण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा राजस्व टीम के साथ रविवार देर शाम हंसपुर पहुंचे थे. टीम वहां बक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच कर रही थी. रात में हंसपुर के तीन ग्रामीण सरना के पास टीम को मिले. आरोप है कि एसडीएम, नायब तहसीलदार और उनके साथ मौजूद युवकों ने तीनों ग्रामीणों को लाठी और लात-घूंसों से पीटा. इसके बाद तीनों को गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया गया. रास्ते में एक ग्रामीण की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया.
रास्ते में एक ग्रामीण के बेहोश होने के बाद टीम तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लेकर पहुंची. इलाज के दौरान राम नरेश राम (60) की मौत हो गई. घायलों में अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) शामिल हैं. घायल आकाश अगरिया और अजीत उरांव ने बताया कि वे गेहूं के खेत में पानी डालने गए थे. रात करीब 8 बजे वापस लौट रहे थे. इसी दौरान एसडीएम की गाड़ी और एक अन्य वाहन में सवार 6 से 7 लोगों ने सरना के पास उन्हें रोका और पूछताछ की. इसके बाद लाठी और लात से उनकी पिटाई कर दी गई. घायलों के मुताबिक, उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया जा रहा था. रास्ते में राम नरेश राम बेहोश हो गया, जिसके बाद तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया. कुसमी एसडीएम, नायब तहसीलदार और मारपीट में शामिल बताए गए युवकों को राजपुर थाने में रखा गया है. फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है. हालांकि, एसडीएम, नायब तहसीलदार समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
