जिला साहू संघ अध्यक्ष पद के लिए दर्जनभर दावेदार, नए–पुराने चेहरों में बढ़ी हलचल
तिथि की घोषणा अभी शेष
राजनांदगांव- जिला साहू संघ में अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं. आगामी दिनों में जिला स्तर पर चुनाव की औपचारिक घोषणा होते ही चुनावी रणभेरी बजने की पूरी संभावना है. इस प्रतिष्ठापूर्ण पद के लिए 10 से अधिक दावेदार मैदान में बताए जा रहे हैं जिनमें नए और अनुभवी चेहरे पूरी तैयारी के साथ सक्रिय हो चुके हैं.
हालांकि अभी तक चुनाव की तिथि और प्रक्रिया की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन दावेदारों की गतिविधियों ने माहौल को पूरी तरह चुनावी बना दिया है. ये नाम हैं दावेदारों की लंबी सूची में से फिलहाल पांच नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं जिनकी संगठन में मजबूत पकड़ और राजनीतिक-सामाजिक प्रभाव माना जा रहा है.
कमल किशोर साहू जिला साहू संघ में महामंत्री और जिला अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. वे भाजपा विचारधारा से जुड़े माने जाते हैं और संगठनात्मक अनुभव के कारण मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं.
नीलमणि साहू डोंगरगांव तहसील साहू संघ के महामंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में जिला साहू संघ के महामंत्री हैं. वे प्रदेश अध्यक्ष नीरेंद्र साहू के करीबी माने जाते हैं, जिससे उनकी दावेदारी को और मजबूती मिलती है.
विवेक साहू भाजपा के जिला महामंत्री रह चुके हैं और जिला साहू संघ में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं. उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का करीबी माना जाता है, जिससे राजनीतिक स्तर पर उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है.
अमरनाथ साहू जिला साहू संघ में महामंत्री रह चुके हैं. वे डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू के करीबी माने जाते हैं जिसके चलते वे अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार के रूप में देखे जा रहे हैं.
मदनलाल साहू दो बार जिला साहू संघ के उपाध्यक्ष रह चुके हैं. साथ ही उन्होंने युवा प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष और राजनीतिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक के रूप में भी कार्य किया है. संगठनात्मक अनुभव और समीकरण बनने की स्थिति में वे भी मजबूत दावेदार बन सकते हैं. वर्तमान जिला अध्यक्ष भागवत साहू और विधायक भोलाराम साहू का करीबी बताया जा रहा है. संगठन के अंदरूनी समीकरणों में उनकी भूमिका को भी अहम माना जा रहा है.
प्रदेश और जिले में भाजपा सरकार होने के कारण यह चर्चा ज़ोरों पर है कि भाजपा विचारधारा से जुड़े व्यक्ति को ही जिला साहू संघ का अध्यक्ष बनाया जा सकता है. इसी वजह से अधिकांश दावेदारों की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में है. अब सभी की निगाहें जिला साहू संघ की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं. जैसे ही चुनाव की तिथि घोषित होगी तस्वीर और भी साफ़ हो जाएगी कि अध्यक्ष की कुर्सी पर कौन बाज़ी मारता है.
