जमीन बिक्री – शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दुगना होने का झांसा, आरोपी गिरफ्तार
बालौदाबाजार- थाना गिधौरी पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दुगुना होने का झांसा देते हुए ठगी करने वाले आरोपी मनोहर लाल साहू को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर जमीन बिक्री के नाम पर रकम लेकर रजिस्ट्री न कराने का आरोप है. इसके अलावा आरोपी पर शेयर मार्केट में निवेश कर पैसा दुगना करने का झांसा देकर कई लोगों से धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप हैं. पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोहर लाल साहू पर धोखाधड़ी का पहला केस साल 2017 का है. प्रार्थी संतोष कुमार साहू ने थाना गिधौरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जून 2017 में आरोपी मनोहर लाल साहू के माध्यम से रायपुर में 2000 स्क्वायर फीट जमीन खरीदने का सौदा तय हुआ था. आरोप है कि रजिस्ट्री से पहले आरोपी ने प्रार्थी से नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 8,11,000 रुपये ले लिए. सौदा तय होने के बाद भी न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही रकम वापस की गई. जब प्रार्थी ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने जमीन बिक्री का झांसा देकर रकम लेकर जानबूझकर रजिस्ट्री नहीं कराई और बेइमानीपूर्वक कार्य करते हुए धोखाधड़ी की. इस पर थाना गिधौरी में अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 426 भादवि के तहत जांच शुरू की गई.
दूसरा मामला आरोपी पर शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, आरोपी रामनारायण साहू, मनोहर साहू और अन्य लोगों के साथ मिलकर लोगों को शेयर ट्रेडिंग में पैसा लगाने पर दो साल में रकम दोगुनी करने का लालच देता था. शुरुआत में कुछ लोगों को छोटे–मोटे रिटर्न दिखाकर भरोसा कायम किया गया, लेकिन बाद में रकम वापस मिलनी बंद हो गई.
जांच में यह भी सामने आया कि यह ठगी केवल एक या दो गांव तक सीमित नहीं थी, बल्कि कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद, रायगढ़ सहित कई क्षेत्रों के लोग इस जाल में फंसे. दोनों मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी गिधौरी को आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए. इन निर्देशों के पालन में थाना गिधौरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोहर लाल साहू को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले प्रकरण में जमीन बिक्री के नाम पर ठगी की बात स्वीकार की है. आरोपी ने दूसरे केस में रामनारायण साहू और अन्य के साथ मिलकर शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की है. थाना गिधौरी पुलिस द्वारा जांच एवं विवेचना कार्यवाही करते हुए उपरोक्त दोनों प्रकरण में आरोपी मनोहर लाल साहू को किया गया गिरफ्तार
आरोपी- मनोहर लाल साहू उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम अमलीडीह थाना गिधौरी
