भारत बना अंडर-19 विश्व कप विजेता, सीएम साय ने दी बधाई
स्पोटर्स डेस्क- भारतीय टीम ने मेंस अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीत लिया है. फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 412 रन की बड़ी चुनौती रखी थी. जवाब में इंग्लिश टीम 40.2 ओवर में 311 रन रन पर सिमट गई. टीम इंडिया के लिए वैभव सूर्यवंशी फाइनल के सुपरस्टार रहे. उन्होंने 80 गेंद में 175 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली. वहीं, इंग्लैंड की ओर से कैलब फाल्कनर ने शतक जड़ा, लेकिन टीम को नहीं जिता पाए. फाल्कनर ने 67 गेंद पर 115 रन की पारी खेली.
जीता प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवार्ड
वैभव ने विश्व कप में 7 मैच की 7 पारी में 62.71 के औसत और 169.49 के स्ट्राइकरेट से 439 रन बनाए इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं. वैभव ने टूर्नामेंट में 41 चौके और 30 छक्के जड़े. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट के अवार्ड से भी नवाजा गया.
जीत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बधाई देते हुए कहा कि अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय युवा टीम ने इंग्लैंड को हराकर देश को गौरवान्वित किया है. इस ऐतिहासिक जीत पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ
विशेष रूप से युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर न केवल मैच को भारत के पक्ष में मोड़ा, बल्कि अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट की नई ताकत का परिचय दिया. उनका यह प्रदर्शन आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा.
यह जीत भारतीय युवाओं की क्षमता, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है. हमें विश्वास है कि हमारी युवा टीम भविष्य में भी इसी जोश और जज़्बे के साथ देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करती रहेगी.
