धान भंडारण को लेकर गलत जानकारी देना पड़ा भारी, जिला विपणन अधिकारी अभिषेक मिश्रा निलंबित
रायपुर- कवर्धा जिले से एक बड़ी खबर है. छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कबीरधाम जिले के सहायक प्रबंधक एवं जिला विपणन अधिकारी अभिषेक मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
जारी आदेश के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान धान संग्रहण केंद्रों में धान के भंडारण एवं रखरखाव से संबंधित मामलों में अभिषेक मिश्रा द्वारा मीडिया के समक्ष तथ्यों की सम्यक पुष्टि किए बिना गलत एवं भ्रामक जानकारी प्रस्तुत की गई. इसे विपणन संघ कर्मचारी सेवा नियमावली की कंडिका-18 का उल्लंघन माना गया है. मार्कफेड का कहना है कि उक्त कृत्य से छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ, राज्य शासन एवं जिला प्रशासन की छवि धूमिल हुई है. इसे कर्तव्य में लापरवाही और मीडिया के समक्ष अनधिकृत व गलत बयान देने की श्रेणी में रखा गया है.
इसी आधार पर सेवा नियमावली की कंडिका-27(1) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अभिषेक मिश्रा को निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला विपणन कार्यालय, बिलासपुर निर्धारित किया गया है और नियमानुसार उन्हें निर्वाह भत्ता देय होगा. यह आदेश 03 फरवरी 2026 को जारी किया गया है.

