छत्तीसगढ़ में दो दिन और होगी धान खरीदी, भूपेश बघेल ने सरकार का जताया आभार, चेतावनी भी दी
रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर धान खरीदी की समय-सीमा दो दिन बढ़ाया गया है. प्रदेश में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण राहत प्रदान की गई है. इसके अंतर्गत तीन श्रेणियों के किसानों को धान विक्रय हेतु अतिरिक्त दो दिवस – 05 एवं 06 फरवरी 2026 तक खरीदी की अनुमति प्रदान की गई है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार तीन प्रकार के किसान इस अतिरिक्त अवधि में धान विक्रय कर सकेंगे— ऐसे किसान, जिनके द्वारा 10 जनवरी 2026 के पश्चात टोकन हेतु आवेदन किया गया, किंतु सत्यापन नहीं हो पाया है. ऐसे किसान, जिनके द्वारा 10 जनवरी 2026 के पश्चात आवेदन किया गया तथा सत्यापन उपरांत उनके पास धान पाया गया है. ऐसे किसान, जिन्हें दिनांक 28 जनवरी 2026, 29 जनवरी 2026 एवं 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त हुआ था, परंतु किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर पाए थे. किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बारदाना एवं हमालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं.
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी है. श्री बघेल ने कहा है कि उन्हें अभी-अभी मीडिया से सूचना मिली है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी की अवधि दो दिन 5 और 6 फरवरी को और बढ़ाने की घोषणा की है, ताकि बचे हुए किसान अपना धान बेच सकें. भूपेश बघेल ने कहा कि आज ही उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था. उन्होंने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है. साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा है कि किसानों से धान का एक-एक दाना खरीदा जाना चाहिए. धान खरीदी में किसी भी तरह की आंकड़ों की बाजीगरी की गई तो कांग्रेस इसे लेकर फिर मुखर होगी.
