नवविवाहित जोड़ों को समाज की तरफ से उपहार में दिए गए घरेलू सामान
राजनांदगांव- नगर देवांगन समाज के मां परमेश्वरी महोत्सव में रविवार को दो निर्धन कन्याओं का विवाह कराया गया. सतनाम भवन में कराए गए आदर्श विवाह में समाज ने घराती बनकर बरातियों का जोरदार स्वागत किया. बाजा के साथ बरात को जीई रोड पर घुमाया गया. बाद में रीति-रिवाज के साथ मंडप पर विवाह संपन्न कराया गया. समाज की तरफ से दोनों नवविवाहित जोड़े को उपहार के रूप में घरेलू सामान दिए गए. कार्यक्रम में बच्चों का रिकार्डिंग डांस, कुर्सी दौड़ व अन्य गतिविधियां भी शामिल रहीं. इसके बाद युवतियों व महिलाओं के लिए रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई. अतिथियों द्वारा समाज के वरिष्ठजनों के साथ ही प्रतिभावान बच्चों को भी सम्मानित किया गया. विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए परिचय सम्मेलन भी कराया गया. इसके कई जिलों के युवक-युवतियां शामिल हुए.
समाज के संरक्षक दयावान देवांगन व अध्यक्ष शोभाराम देवांगन ने बताया कि महोत्सव में हर वर्ग की सहभागिता रही. आदर्श विवाह में समाज की परंपरा के अनुसार सारे नेग कराए गए. बरातियों का स्वागत भी पारंपरिक ढंग से गुदुम बाजा के साथ किया गया. फिर आयोजन स्थल से परघौनी करते हुए बैला पसरा से गुरुद्वारा चौक होकर वापस सतनाम भवन में विवाह संपन्न कराया गया. दोनों जोड़ों को बर्तन, कपड़े आदि उपहार के रूप में दिए गए.

नगर देवांगन समाज द्वारा आयोजित कुलदेवी मां परमेश्वरी महोत्सव का यह 11वां वर्ष था. आयोजन दो सत्रों में हुआ. सुबह 10 बजे पूजा-आरती के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ. फिर परिचय सम्मेलन, डांस और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता के बाद रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई. दोपहर दो बजे उदघाटन सत्र में महापौर मधुसूदन यादव और पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने नवविवाहित जोड़े को सुखमय जीवन के लिए शुभकामनाओं के साथ आशीर्वाद दिया. साथ ही खर्चीली शादी के दौर में समाज की इस पहल की सराहना की. समापन सत्र में खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष गिरीश देवांगन मुख्य अतिथि रहे. उनके साथ अतिथियों के रूप में पूर्व महापौर हेमा देशमुख, खनिज निगम के पूर्व अध्यक्ष रमेश डाकलिया, पूर्व पार्षद अशोक फड़नवीस, पप्पू धकेता, पूर्व एल्डरमैन झम्मन देवांगन, कांग्रेस प्रवक्ता अनिस खान, सूरज शर्मा व नवीन जायसवाल भी मंचस्थ रहे.

आशीर्वाद देने पहुंचे कई जनप्रतिनिधि, की सराहना
महोत्सव के दौरान सामाजिक खर्च पर इस वर्ष दो जोड़ों का आदर्श विवाह कराया गया. इसमें नवीननगर नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी विजय कुमार का विवाह दपका की लक्ष्मी देवांगन के साथ संपन्न हुआ. वहीं शंकरपुर निवासी भुवनलाल की शादी इंदिरा माता नगर नागपुर की सुलोचना के साथ पारंपरिक रूप से कराई गई. इसके बाद आशीर्वाद समारोह और स्वरूचि भोज भी कराया गया. जोड़ों को आशीर्वाद देने महापौर मधुसूदन यादव, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा और खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष गिरीश देवांगन भी पहुंचे थे. सभी ने आयोजन की सराहना की. महोत्सव में समाज के जिलाध्यक्ष जेठूराम देवांगन, महिला विंग की अध्यक्ष मीना देवांगन, समाजसेवी राजू देवांगन, मधु देवांगन, महेश्वरी देवांगन, दुर्गा देवांगन, चित्ररेखा देवांगन, तारा देवांगन, गायत्री देवांगन, किरण देवांगन, दीपा देवांगन, शैफाली देवांगन, रमा देवांगन, युवा इकाई के अध्यक्ष अंकित देवांगन, रामकुमार देवांगन, राजकुमार देवांगन.
