पुलिस कमिश्नर के आदेश पर पूर्व मुख्यमंत्री ने उठाए सवाल, कहा- नशा सिर्फ़ रायपुर में नहीं, पूरा छत्तीसगढ़ इसकी गिरफ़्त में
रायपुर- रायपुर नगरीय क्षेत्र में रोलिंग पेपर, गोगो स्मोकिंग कोन और पर्फेक्ट रोल पर प्रतिबंध के आदेश पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Former CM Bhupesh) ने गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस आदेश को अजब-गजब आदेश करार देते हुए कहा कि इस आदेश से यह तो स्पष्ट हो गया है कि अब सरकार स्वीकार रही है कि रायपुर में गाँजा/चरस आदि का सेवन बड़ी मात्रा में हो रहा है. अब सवाल यह है कि गाँजा/चरस की उपलब्धता कैसे रुके, इसके लिए सरकार क्या कर रही है?
इस आदेश के अनुसार गाँजा/चरस के सेवन के लिए प्रयोग में लाए जाने वाली सामग्री की बिक्री पर रोक लगाई जाएगी. लेकिन मूल कारण के लिए आप क्या कर रहे हैं? ये तो ठीक वैसा ही है कि शराब का सेवन रोकने के लिए भी आप डिस्पोजल ग्लास/काँच ग्लास की बिक्री पर रोक लगा दें या फिर आप चखने की बिक्री पर रोक लगा दें. इस आदेश को स्थायी आदेश क्यों नहीं बनाया गया? सिर्फ़ 29 मार्च 2026 (दो महीने) के लिए ही लागू क्यों किया गया? उन्होंने कहा कि इस आदेश में लिखा है कि “यदि बीच में वापस ना लिया गया”… कौन है जो इसे बीच में रोक सकता है? वैसे नशा सिर्फ़ रायपुर में नहीं, पूरा छत्तीसगढ़ इसकी गिरफ़्त में है. यदि सरकार गंभीर है तो गंभीर आदेश निकालिए, मीडियाबाज़ी के लिए सरकार के पास बहुत इंवेंट हैं.
