पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गृहमंत्री विजय शर्मा पर साधा निशाना, बोले- क़ैदी फरार, विजय शर्मा ख़ामोश! जवाब तो देना होगा!

दुर्ग- कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा पर कवर्धा सदन निर्माण कार्य में जेल के क़ैदियों से मज़दूरी करवाने के दौरान उम्रक़ैद की सजा काट रहे एक क़ैदी फ़रार होने का आरोप लगाया है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि क़ैदी फरार, विजय शर्मा ख़ामोश!
जवाब तो देना होगा!
आप सब जानते हैं कि प्रदेश में जो भी मुख्यमंत्री होता है, उनसे मिलने आने वालों के लिए एक सदन बनता है. पूर्व में मरवाही सदन, राजनांदगांव सदन, पाटन सदन और वर्तमान में कुनकुरी सदन इसके उदाहरण हैं.
प्रदेश में ऐसा पहली बार देखा जा रहा है कि एक मंत्री ने भी अपनी विधानसभा के लिए एक सदन बनाया है. प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने “कवर्धा सदन” का निर्माण करवाया है. इसके निर्माण कार्य में जेल के क़ैदियों से मज़दूरी करवाई गई है. इस दौरान उम्रक़ैद की सजा काट रहा एक क़ैदी फ़रार भी हो गया है.
https://x.com/bhupeshbaghel/status/1961709570918920428
ऐसे में विजय शर्मा जी को “आपराधिक चुप्पी” तोड़ते हुए जवाब देना चाहिए:
- विगत 21 अगस्त को फ़रार हुए क़ैदी को जेल से बाहर लाने के लिए क्या न्यायालय ने अनुमति दी थी?
- क़ैदी के फ़रार होने का जिम्मेदार कौन है? जिम्मेदार व्यक्ति/व्यक्तियों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है?
- “कवर्धा सदन” को किसके द्वारा बनवाया जा रहा है? इसका खर्चा कौन सा विभाग/ व्यक्ति उठा रहा है?
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी प्रदेश की जनता को बताएँ कि:
- क्या राजधानी में ‘सदन’ बनाने की अनुमति सभी मंत्रियों की दी गई है? यदि हाँ, तो इसके लिए क्या नियम बनाया गया है?
- फ़रार हुए क़ैदी की घटना पर आपने अब तक क्या संज्ञान लिया?
- क्या आप इस प्रकरण की न्यायिक जाँच कराएँगे? क्योंकि जेल मंत्री तो अपने ही विभाग की जाँच निष्पक्षता से नहीं करेंगे
शासन, प्रशासन यह समझ ले कि इस मामले पर जवाब तो देना होगा.
