थाने में ASI ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
बालोद- जिले के दल्लीराजहरा थाने में पदस्थ ASI ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. जानकारी के मुताबिक, ASI हीरामन मंडावी ने थाने के पुलिस स्टाफ बैरक में डिप्रेशन के चलते सुसाइड किया. फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है. सुबह जब जवान रोज की तरह ड्यूटी के लिए तैयार हो रहे थे, तभी अचानक एक जवान की नजर बैरक के अंदर पड़े इस दर्दनाक दृश्य पर पड़ी. उसने देखा कि उनके ही साथी ASI मंडावी पंखे के हुक से लटके हुए हैं. आनन-फानन में यह सूचना पूरे स्टाफ को दी गई.

तत्काल पुलिसकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारा और अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. इस घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. अधिकारियों ने जवानों और अन्य साथियों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह पता चल सके कि आखिर किन परिस्थितियों में एक अनुभवी पुलिस अधिकारी को यह कदम उठाना पड़ा. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
